रात में दूध-जलेबी खाकर सोया परिवार…सुबह इस हाल में मिले, पिता ने तोड़ दिया दम; अंश ने बताई पूरी कहानी

फिरोजाबाद: टूंडला पर गंगा दशहरा पर खाना व दूध-जलेबी का सेवन कर सोने वाले परिवार की बिगड़ी हालत में सुधार आया है। शुक्रवार देर शाम चिकित्सकों ने उनकी छुट्टी कर दी। वहीं परिवार के मुखिया की मौत से सभी सदमे में हैं। परिजन ने घटना के संबंध में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। अब, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ही घटना का खुलासा करेगी।
थाना टूंडला के बन्ना रोड स्थित जैन एंड संस कोल्ड स्टोरेज के निकट निवासी 47 वर्षीय सत्यपाल यादव के परिवार ने बृहस्पतिवार को दशहरा पर्व होने पर सुबह पूड़ी, सब्जी बनाई थी। अस्पताल से छुट्टी होकर आए अंश यादव ने बताया परिवार के सभी सदस्यों ने रात को भी सुबह बनी हुई पूड़ी सब्जी खाई थी। उसके बाद सुभाष चौराहे से लाई गईं जलेबियों का दूध के साथ सेवन किया था। इसके बाद सभी लोग सो गए थे।
शुक्रवार सुबह सात बजे उसकी आंख खुली तो सिर चकरा रहा था। वहीं परिवार के सभी लोग बेहोशी की हालत में पड़े थे। उसने अपने चचेरे भाई विश्वनाथ यादव और अपने दोस्तों को सूचना दी थी। मौके पर पहुंचे चचेरे भाई विश्वनाथ ने सभी को आगरा के अलग-अलग दो निजी अस्पतालों में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान उसके पिता सत्यपाल की मौत हो गई थी। उन्हें होश आने पर एवं पिता का शव गांव पहुंचने पर चिकित्सकों ने शाम सात बजे अस्पताल से छुट्टी कर दी थी।
देर रात पिता के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह का कहना है कि घटना को लेकर परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग की टीम को नहीं मिला खाने-पीने का सामान
फिरोजाबाद से शुक्रवार रात्रि साढ़े नौ बजे खाद्य विभाग की टीम पहुंची थी। परिजनों ने बताया कि खाना, दूध, जलेबी खाने के बाद बर्तन साफ कर रख दिए थे। टीम यहां से किस चीज के सैंपल ले गई है, उन्हें जानकारी नहीं है। अब खाना खाने से, दूध या जलेबी से उनकी हालत बिगड़ी हो, कुछ भी कहा नहीं जा सकता। खाद्य विभाग की टीम बिना कोई सैंपल लिए खाली हाथ लौट गई थी।