International

ऑपरेशन सिंदूर से खौफ के साये में पाकिस्तान; चीन की मदद से कर रहा परमाणु शस्त्रागार का आधुनिकीकरण

पहलगाम हमले के बाद भारत के ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान अब तक खौफ में है। उसे अपनी स्थिति का अंदाजा हो गया है, इसीलिये वह चीन की मदद लेकर अपने परमाणु शस्त्रागार को विकसित कर रहा है। ऐसा दावा अमेरिका ने अपनी एक रिपोर्ट में किया है।

अमेरिकी रक्षा खुफिया एजेंसी द्वारा रविवार को जारी ‘विश्व खतरा आकलन रिपोर्ट 2025’ में पाकिस्तान को लेकर कई दावे किए हैं। इसमें कहा गया है कि पाकिस्तान चीन से सैन्य और आर्थिक सहायता लेकर अपने परमाणु शस्त्रागार का आधुनिकीकरण कर रहा है। इतना ही नहीं, इसमें यह भी कहा गया है कि वह भारत को अपने अस्तित्व के लिए खतरा मानता है।

अमेरिका ने जारी की है रिपोर्ट
बता दें कि अमेरिकी खुफिया एजेंसी द्वारा जारी की गई यह रिपोर्ट अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की सशस्त्र सेवा उपसमिति के लिए बनाई गई है। ‘विश्व खतरा आकलन रिपोर्ट 2025’ में पाकिस्तान की सेना उसके सैन्य अभियानों और परमाणु हथियारों के बारे में विस्तार के जानकारी दी गई है। इसमें दावा किया गया है कि आने वाले साल में पाकिस्तान की शीर्ष प्राथमिकता सैन्य ढांचे को विकसित और मजबूत करने के साथ ही क्षेत्रीय पड़ोसियों के साथ सीमा पार होने वाली झड़पें और अपने परमाणु शस्त्रागार का निरंतर आधुनिकीकरण शामिल होगा।

अपने अस्तित्व के लिए भारत को सबसे बड़ा खतरा मानता है पाकिस्तान
अमेरिकी रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान भारत को अपने अस्तित्व के लिए सबसे बड़ा खतरा मानता है। ऐसे में वह भारत की सैन्य ताकत का मुकाबला करने के लिए खुद को और अपनी सेना को विकसित कर रहा है। वहीं, वह अपने परमाणु हथियारों सहित उनकी सुरक्षा और कमान प्रणाली को भी विकसित और आधुनिक प्रौद्योगिकी से लैस कर रहा है। इसके लिए वह विदेशी आपूर्तिकर्ताओं और बिचौलियों से सामूहिक विनाश के हथियार (WMD) से जुड़े सामान खरीद रहा है।

Related Articles

Back to top button