रोहित शर्मा हासिल कर सकते हैं बड़ी उपलब्धि, गेल और रसेल के क्लब में शामिल होने से सिर्फ तीन कदम दूर

आईपीएल का 18वां सत्र चरम पर पहुंच गया है। आज इस सत्र का क्वालिफायर-2 अहमदाबाद में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले में जीतने वाली टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ फाइनल मैच खेलेगी। रविवार को मैच में मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं।
टी20 में 550 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बन सकते हैं रोहित
मुंबई के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा आगामी टी20 मैच में 550 छक्के जड़ने वाले पहले भारतीय बन सकते हैं। वह इस उपलब्धि को हासिल करने से महज तीन कदम दूर हैं। फिलहाल रोहित के नाम इस प्रारूप में 452 मैचों में 547 छक्के दर्ज हैं। अब तक छह बल्लेबाजों ने टी20 में 550 या उससे ज्यादा छक्के लगाए हैं। इस मामले में शीर्ष पर क्रिस गेल हैं जिन्होंने 463 मैचों में 1056 छक्के लगाए हैं।
टी20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
- क्रिस गेल – 463 मैचों में 1056 छक्के
- कीरोन पोलार्ड – 695 मैचों में 908 छक्के
- आंद्रे रसेल – 551 मैचों में 747 छक्के
- निकोलस पूरन – 398 मैचों में 639 छक्के
- एलेक्स हेल्स – 496 मैचों में 560 छक्के
- कॉलिन मुनरो – 441 मैचों में 557 छक्के
- रोहित शर्मा – 452 मैचों में 547 छक्के
रोहित ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
इससे पहले 38 वर्षीय बल्लेबाज ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाई थी। वह पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए थे जिसने आईपीएल में 300 छक्के लगाए। इस मैच में रोहित शर्मा ने 81 रनों की दमदार पारी खेली थी और टीम को जीत दिलाई थी। इसके अलावा रोहित ने आईपीएल में 7000 रन पूरे किए थे। वह विराट कोहली के बाद इस उपलब्धि को हासिल करने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं, जिनके नाम आईपीएल में 8618 रन दर्ज हैं। आईपीएल 2025 में हिटमैन की शुरुआत कुछ खास नहीं हुई थी। हालांकि, वह वापसी करने में कामयाब रहे और 14 मैचों में 150.18 के स्ट्राइक रेट से 410 रन बनाए। फिलहाल वह मुंबई के लिए इस सत्र में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।