National

मणिपुर में राष्ट्रपति शासन के बीच नई सरकार की तैयारी, बीरेन सिंह बोले- विधायकों के साथ चल रहीं बैठकें

इंफाल:  मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन.बीरेन सिंह ने शनिवार को कहा कि राज्य में एक बार फिर से लोकप्रिय सरकार बनाने की कोशिशें चल रही हैं। इस समय मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्य कार्यालय में एक कार्यक्रम से इतर बीरेन सिंह ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि राज्य में जल्द ही एक नई सरकार बनेगी।

बीरेन सिंह ने कहा, हम जल्द से जल्द सरकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। हम एक राष्ट्रीय पार्टी हैं। जमीनी स्थिति को देखने के बाद मुझे पूरा भरोसा है कि सरकार जल्द बनेगी। भाजपा और उसके सहयोगी भी एक लोकप्रिय सरकार चाहते हैं। हम लोकप्रिय सरकार की वापसी के लिए काम कर रहे हैं।

‘विधायकों के साथ चल रही नियमित बैठकें’
उन्होंने आगे कहा, हमने (भाजपा) किसी की आलोचना नहीं की है। हम केवल मौजूदा संकट पर फोकस कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार और संबंधित अधिकारियों से बातचीत जारी है, ताकि राज्य में शांतिपूर्ण हल निकाला जा सके। उन्होंने कहा, हम विधायकों की नियमित बैठकें कर रहे हैं, ताकि सरकार की बहाली की दिशा में कदम उठाए जा सकें। सभी लोग शांति की बहाली चाहते हैं। शांति बहुत जरूरी है। पिछले सात-आठ महीनों में समुदायों के बीच कोई बड़ी झड़प नहीं हुई है।

‘शांति बहाली में जुटी केंद्र सरकार’
पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार दिन-रात मेहनत कर रही है, ताकि मणिपुर में शांति बहाल की जा सके।

‘अवैध घुसपैठ और नशे का खतरा’
मीडिया के एक सवाल के जवाब में बीरेन सिंह ने कहा, मैं पहले भी कह चुका हूं कि अवैध घुसपैठिए और ड्रग माफिया पूरे पूर्वोत्तर और देश को प्रभावित कर रहे हैं। अब धीरे-धीरे सभी लोग इस समस्या को समझने लगे हैं। यह बदलाव एक सकारात्मक संकेत है। हम सब मिलकर इन खतरों से लड़ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button