Uttar Pradesh

अंसल कंपनी पर 1.50 करोड़ की ठगी का एक और केस दर्ज, मालिक व अधिकारियों ने प्लॉट के नाम पर की ठगी

लखनऊ: सुशांत गोल्फ सिटी थाने में बृहस्पतिवार को अंसल कंपनी के मालिक व अधिकारियों के खिलाफ 1.50 करोड़ की धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज हुई है। आरोपियों ने नोएडा के गौतम बुद्ध नगर निवासी धीरेंद्र कुमार सिंह और उनके भाई पीयूष से प्लॉट के नाम पर धोखाधड़ी की है।

धीरेंद्र के मुताबिक उन्होंने व उनके भाई ने जनवरी 2022 में अंसल प्रॉपर्टीज एवं इंफ्रास्ट्रक्चर लि. के नई दिल्ली स्थित दफ्तर में संपर्क किया था। उन्होंने अंसल की लखनऊ में सुशांत गोल्फ सिटी स्थित साइट पर 1.60 करोड़ का प्लॉट बुक कराया था। इसका उन्होंने एडवांस में 1.50 करोड़ रुपये भुगतान भी किया था। इसके बावजूद उनके नाम पर रजिस्ट्री नहीं की गई। दो साल तक अंसल के लखनऊ स्थित दफ्तर के चक्कर काटने पर 2024 में कंपनी ने उन्हें उतनी ही कीमत के दो भूखंड आवंटित कर दिए।

मगर फरवरी 2025 तक भी आरोपियों ने दोनों प्लॉटों की भी रजिस्ट्री नहीं की। ऐसे में जब धीरेंद्र ने एलडीए से इसकी जानकारी करी तो पता चला कि प्राधिकरण के पास दोनों प्लॉटों के नक्शे भी नहीं हैं। इस संबंध में जब धीरेंद्र ने अंसल के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की तो उन्होंने जानकारी देने से मना कर दिया। ठगी का एहसास होने पर भाइयों ने सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस से शिकायत की। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के मुताबिक विवेचना की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।

Related Articles

Back to top button