चोरी का आरोप न सह सकी सुनीता, पड़ोसी ने किया इतना परेशान; मां ने बेटे संग खा लिया जहर

नरौरा:यूपी के बुलंदशहर स्थित नरौरा थाना क्षेत्र के गांव बेलोन में एक महिला पर पड़ोसी पक्ष ने चोरी का आरोप लगाया। जिससे क्षुब्ध होकर महिला ने अपने पुत्र संग जहर खाकर जान देने की कोशिश की। फिलहाल दोनों का उपचार चल रहा है, दोनो की हालत में सुधार बताया जा रहा है। हालांकि, अभी किसी की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
क्षेत्र के ग्राम बेलोंन में स्थित अपने मायके में 32 वर्षीय सुनीता देवी एक मकान में अपने 12 वर्षीय पुत्र लव कुमार के साथ किराए पर रहती हैं। सुनीता ने बताया कि बीते दिनों पड़ोस के ही रहने वाले महेन्द्र उपाध्याय नामक व्यक्ति ने उन पर घर से सोने का जेवर चोरी का आरोप लगाया और उनको प्रताड़ित कर रहा है।
आरोप है कि उनके साथ मारपीट भी की गई। इसी के चलते मानसिक रूप से परेशान व आहत होकर महिला ने शुक्रवार को अपने बेटे के साथ जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिस पर गांव के लोग उन्हें अलीगढ़ चिकित्सालय ले गए। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद अब भीमपुर दोराहा स्थित एक निजी चिकित्सालय में दोनों का उपचार चल रहा है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बेलोंन में किसी के घर से चोरी होने संबंधी कोई सूचना पुलिस को नहीं मिली है। महिला को प्रताड़ित किए जाने के संबंध में तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।